बाराबंकी। विधानसभा चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन दरियाबाद से भाजपा प्रत्याशी सतीश चंद्र शर्मा ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान कोरोना गाइड लाइन का पूरा पालन होता दिखा। वहीं विभिन्न दलों द्वारा दूसरे दिन 32 पर्चे बिके। इन दो दिनों में नामांकन पत्र बिक्री की संख्या 75 पहुंच गई है। वहीं जिला निर्वाचन मजिस्ट्रेट नामांकन स्थल पर डटे रहे। सुरक्षा में तैनात जवान भी पूरी तरह से मुस्तैद दिखे।
दरियाबाद विधानसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी सतीश चंद्र शर्मा ने बुधवार को पहले बाबा रामसनेही, बुढ़वा बाबा और छोटी हनुमान गढ़ी जाकर दर्शन किए। इसके बाद ब्लॉक प्रमुख रत्नेश सिंह, आकाश पांडेय, चंद्रशेखर, विवेकानंद, देवानंद पांडेय, अवधेश श्रीवास्तव, संतोष सिंह के साथ कोविड गाइड लाइन का पालन करते हुए सदर तहसील पर पहुंचे। जहां से प्रस्तावक के रूप में प्रधान सुरेंद्र सिंह, हरिश्चंद्र और अधिवक्ता संतोष सिंह के साथ नामांकन कक्ष में जाकर आरओ के समक्ष दो सेट में नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।
नामांकन के दूसरे दिन सिर्फ एक नामांकन पत्र उम्मीदवार द्वारा दाखिल किया गया। जबकि भाजपा, सपा, कांग्रेस समेत कई अन्य दलों द्वारा 32 पर्चे खरीदे गए। इनमें कुर्सी और दरियाबाद सीट से पांच-पांच, जैदपुर और हैदरगढ़ से दो-दो, रामनगर सीट से आठ और बाराबंकी सीट से सबसे अधिक 10 पर्चे खरीदे गए। पहले दिन 43 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई थी। नामांकन पत्र दाखिल करने को लेकर सदर तहसील पूरी तरह से छावनी में तब्दील रही। आसपास बनाए गए सात बैरियर पर भारी संख्या में पुलिस कर्मी और अर्धसैनिक बल के जवान मुस्तैद रहे। नामांकन स्थल के मुुख्य दोनों गेट पर प्रवेश करने वालों को पूरी सजगता के साथ जांच की गई और अनावश्यक रुप से जाने वालों पर रोक लगाई गई।