बाराबंकी। अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में एक किशोरी की मौत हो गई, वहीं आठ लोग घायल हो गए। इनमें पांच घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।
रामनगर थाना क्षेत्र के बिशुनपुर गांव निवासी सुनीता सिंह (35) शुक्रवार सुबह स्कूटी से बाराबंकी-बहराइव हाईवे पर बाराबंकी की ओर जा रही थीं, जबकि मसौली थाना क्षेत्र के दहेजिया गांव निवासी आकाश वर्मा (25) अपनी भाभी शिवानी (28) व फतेहपुर के फटका पुरवा गांव निवासी भाभी की बहन पारुल (13) के साथ बाइक से बाराबंकी की ओर ही जा रहे थे। इसी दौरान शहावपुर नहर के निकट दोनों बाइक आपस में टकरा गईं। टक्कर लगने से बाइक पर पीछे बैठी पारुल सड़क पर जैसे ही गिरी, तभी पीछे से आए ट्रक से उसे कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक लेकर चालक भाग गया। आकाश व सुनीता ने हेलमेट लगा रखा था। तीनों घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
सूरतगंज से रामनगर सवारी ले जा रहा एक ई-रिक्शा बाइक को बचाने में रामनगर थाना क्षेत्र के रहटा गांव के निकट पलट गया। हादसे में घायल ई-रिक्शा पर सवार मोहम्मदपुर खाला थाने के दुर्गापुर नौबस्ता गांव निवासी नीलम (60) व इनका पोता आदित्य (17) को पुलिस ने सीएचसी सूरतगंज पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं बाकी तीन सवारियों को मामूली चोटें आने के कारण घर भेज दिया गया।