त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। थाना लोनीकटरा क्षेत्र में लखनऊ सुल्तानपुर हाईवे पर सड़क दुघर्टनाओं में मेडिकल छात्र समेत दो की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर है। हादसे से दोनों परिवारों में कोहराम मचा है।
लोनीकटरा क्षेत्र के मियां का पुरवा गांव निवासी सचिन कुमार (20) डी फार्मा की पढ़ाई कर रहा था। बृहस्पतिवार की देर शाम सचिन बाराबंकी से परीक्षा देकर बाइक से घर आ रहा था। इस दौरान लखनऊ सुल्तानपुर हाईवे पर छंदरौली गांव के समीप सचिन की बाइक किसी ट्रैक्टर ट्राॅली से टकरा गई। हेमलेट न लगा होने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई। पुलिस ने सचिन को सीएचसी त्रिवेदीगंज पहुंचाया, यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
वहीं, शुक्रवार दोपहर घीसा का पुरवा गांव निवासी पिंटू (25) अपने चचेरे भाई सूरज कुमार के साथ भिलवल घर जा रहा था। लखनऊ सुल्तानपुर हाईवे पर ही हुसैनाबाद चौराहे के पास उसकी तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा कर खड्ड में जा गिरी। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां पिंटू की मौत हो गई। सूरज को गंभीर दशा में केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों ही सवारों ने हेल्मेट नही पहन रखा था। .
डी फार्मा का छात्र सचिन मां कृष्णावती का इकलौता पुत्र होने के कारण उनका सहारा भी था। पिता की मृत्यु पहले ही हो चुकी है। बड़ी पुत्री आशा मृतक आश्रित के कोटे में नौकरी कर परिवार का भरण पोषण कर रही है। वहीं हादसे में जान गंवाने वाले पिंटू की पत्नी पिंकी का रो रोकर बुरा हाल है। तीन माह पहले ही उसका विवाह हुआ था।