फतेहपुर (बाराबंकी)। बड्डूपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के खैरा गांव निवासी अंबुज कुमार (30) सोमवार को बाइक से ससुराल जा रहा था।
बड्डूपुर थाना क्षेत्र के महमूदाबाद कुर्सी मार्ग पर स्थित कथुरी कला गांव के पास बाइक की ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ंत हो गई। गंभीर रूप से घायल अंबुज को पुलिस सीएचसी फतेहपुर लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हेलमेट नहीं लगा होने के कारण उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। मनोज कुमार ने बताया कि अंबुज का विवाह डेढ़ वर्ष पूर्व ही हुआ था। एक सप्ताह से वह अपनी पत्नी के साथ ससुराल में ही रह रहा था।
अंबुज होटल पर काम कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था और दो भाइयों में बड़ा था। मौत की सूचना पाने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।