बाराबंकी। कैसरगंज के सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि संसद में चर्चा के दौरान सांसद बिधूड़ी के मुंह से कुछ ऐसे शब्द निकले जो आपत्तिजनक थे जिसको पूरे देश ने गलत माना है। यहां तक कि पार्टी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने हाउस में माफी मांगी और खेद व्यक्त किया है। लेकिन बीएसपी सांसद दानिश अली को अपने गिरेबान में भी झांकना चाहिए।
सांसद बृजभूषण शरण सिंह रविवार को शहर के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों ने बातचीत करते हुए सांसद ने कहा कि मैं छह बार सांसद रहा हूं। लेकिन इस बार जितनी रनिंग कमेंट्री दानिश अली कर रहे हैं, उतनी करते मैंने किसी को नहीं देखा। उन्होंने कहा कि चाहे प्रधानमंत्री बोल रहे हो या गृहमंत्री, दानिश अली रनिंग कमेंट्री जरूर करते हैं जो ठीक नहीं।
सांसद ने कहा कि संसद में हुई इस घटना के लिए जितना जिम्मेदार बिधूड़ी है उतना ही दानिश अली भी। इससे पहले क्रिकेट प्रतियोगिता के शुभारंभ के दौरान सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने जिले के सांसद उपेंद्र रावत से कहा कि सांसद जी आप मुझसे किसी खेल के लिए भी बुलवा सकते हैं। क्रिकेट, वॉलीबाल, कबड्डी और यहां तक कि किसी से कुश्ती कराने के लिए बुलाएंगे तब भी आऊंगा। इस मौके पर विधायक हैदरगढ़ दिनेश रावत भी मौजूद रहे।
कौन कटवा रहा है मेरा टिकट... नाम बताइए
सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि 2024 में एक बार फिर मोदी सरकार बनने जा रही है। इस दौरान एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि क्या आपका टिकट कट रहा है? क्योंकि सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही, तो सांसद बृजभूषण बोले कौन कटवा रहा है मेरा टिकट... नाम बताइए। उल्टे पत्रकार से सवाल कर दिया कि आप कटवाएंगे।