मसौली (बाराबंकी)। लो वोल्टेज और बिजली कटौती को लेकर भारतीय किसान यूनियन राधे गुट के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को उपकेंद्र मसौली परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। एसडीओ ने समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। इसके बाद पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
मसौली क्षेत्र के भूलीगज, चोरवाबाग, करियातर आदि गांवों में लो वोल्टेज की समस्या से ग्रामीण जूझ रहे हैं और अघोषित कटौती से परेशान हैं। इसको लेकर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधेलाल यादव और जिलाध्यक्ष शुऐब राईन के नेतृत्व में तमाम कार्यकर्ता बिजली उपकेद्र मसाैली पहुंचे और धरना प्रदर्शन करने लगे। परिसर में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर विरोध जताया। मौके पर एसडीओ राम गोपाल पहुंचे और समस्या पूछी। पदाधिकारियों ने एसडीएम व जेई को ज्ञापन सौंपा।
एसडीओ रामगोपाल ने कहा कि चोरवाबाग और करियातर के जर्जर तार को बदलने के अलावा ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ने के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। 20-25 दिन में स्वीकृत मिलते ही ट्रांसफार्मर बदला दिया जाएगा। इससे लो वोल्टेज की समस्या दूर हो जाएगी। कहा कि अनूपगंज और सहादतगंज की जर्जर विद्युत लाइन का सर्वे कराया जाएगा, इसके अलावा रामपुर में जल्द ही बिजली आपूर्ति शुरू कराई जाएगी। आश्वासन के बाद पदाधिकारियों ने धरना समाप्त कर दिया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष रीतू, महेंद्र यादव, गुड्डू यादव, राजू, डॉ. बिलाल, आफताब अंसारी आदि मौजूद रहे।