सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर एनआईसी सेंटर में आयोजित गोष्ठी में मौजूद डीआईओ एकांश शर्मा व अन्य
बाराबंकी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देशन में मंगलवार को एनआईसी में सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर हुई गोष्ठी में उपस्थित लगभग 80 अधिकारियों एवं जीआईसी इंटर कॉलेज के छात्रों को जिला सूचना विज्ञान अधिकारी एकांश शर्मा ने जानकारी दी। उन्होंने एआई का सुरक्षित उपयोग करने तथा इंटरनेट का उपयोग करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया। कहा कि बच्चों और युवाओं के लिए यह एक सुरक्षित और समावेशी डिजिटल वातावरण बनाने में मदद करता है।
डीआईओ ने बताया कि सुरक्षित इंटरनेट दिवस हर साल तकनीक और इंटरनेट के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2026 में स्मार्ट तकनीक, सुरक्षित विकल्प और सभी चीजों के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग की खोज की थीम पर विश्व के लगभग 150 देशों में मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एसआईडी का उद्देश्य है कि आमजन को ऑनलाइन सुरक्षा के बारे में जागरूक व शिक्षित करना है। इससे लोग ऑनलाइन दुर्व्यवहार की रिपोर्ट करने के लिए स्वेच्छा से आगे आ सकें। उन्होंने कहा कि आज के युग में सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाने वाला व्हाट्सएप को सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करना समय की मांग है। बताया कि अपनी पर्सनल इनफॉर्मेशन सभी के साथ सोशल मीडिया पर शेयर ना करें, मोबाइल, ईमेल, बैंकिंग पासवर्ड व सोशल मीडिया आईडी पासवर्ड कैसे सुरक्षित रखें की जानकारी दी। कहा कि डिजिटल फ्रॉड होता है तो साइबर क्राइम डाट जीओवी डाट इन व हेल्पलाइन टोल फ्री नम्बर 1930 तथा नजदीकी पुलिस स्टेशन पर शिकायत दर्ज कराएं।