बाराबंकी। जिले के सभी ब्लॉक क्षेत्रों की दो-दो ग्राम पंचायतों में शुक्रवार को चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं और सरकार की योजनाएं के विषय में जानकारी दी। अधिकारियों के समक्ष अधिकांश लोगाें ने आवास, पेंशन, शौचालय व हैंडपंप से जुड़ीं समस्याएं रखीं। बनीकोडर में बीडीओ का घेराव भी किया गया।
दरियाबाद ब्लॉक क्षेत्र के अद्रा गांव में चौपाल की अध्यक्षता बीडीओ संजीव कुमार ने की। इस बीच आवास, शौचालय, पेंशन व किसान सम्मान निधि से जुड़ी 11 शिकायतें सामने आईं। चौपाल के बाद बीडीओ ने पंचायत भवन के पास स्थित प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां बच्चों को हिंदी, अंग्रेजी व गणित पढ़ाया तथा शिक्षकों को सरलता से पढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं स्कूल में गंदगी देख नाराजगी भी जताई।
इसके बाद गांव में कराए गए विकास कार्यों की जांच की, जिसमें तय समय पर कोई कार्य पूरा नहीं मिला। इस पर ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव को फटकार लगाई और नोटिस जारी कर रुके कार्य को जल्द पूरा करने का समय दिया है। निरीक्षण के दौरान गांव की महिलाओं ने बीडीओ को सड़क पर रोककर अपनी समस्याएं बताईं। इसके बाद बीडीओ मन्नूलालपुर पहुंचे। सिरौलीगौसपुर के लोधपुर में पंचायत सहायक को भुगतान न होने पर सचिव से स्पष्टीकरण मांगा। खजुरिया में 12 शिकायतें आईं।
बनीकोडर ब्लॉक की ग्राम पंचायत छंदवल में चौपाल के दौरान दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और ग्राम निंबहा में जलभराव की समस्या को लेकर घेराव किया। साथ ही ज्ञापन देकर समस्या का निस्तारण कराने की मांग की। इस पर बीडीओ विनय कुमार मिश्रा समस्या का निस्तारण करने का आश्वासन देकर चले गए।