बाराबंकी जिले की रामनगर कोतवाली इलाके के बाराबंकी-बहराइच पर बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। युवती को गंभीर अवस्था में सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार,अनिकेत (20) पुत्र राम सुमेर, निवासी छेदी पुरवा ग्राम बटुरहा,थाना पखरपुर, मंगलवार को अपने भाई की ससुराल बड़नपुर(रामनगर)आया था। बुधवार सुबह करीब आठ बजे बड़नपुर से वह अपनी बाइक (यूपी-40 बीएल 7190) से अपनी साली संतोषी वर्मा (20) पुत्री प्रेम कुमार, निवासी रोशनलाल पुरवा, थाना पखरपुर के साथ निकला था। वापस लौट रहा है था तभी बाराबंकी बहराइच हाइवे पर दुर्गापुर मोड़ के पास पहुंची बाइक में पीछे से तेज रफ्तार टैंकर (यूपी-32 ईएन 6515) ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में अनिकेत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संतोषी गंभीर रूप से घायल हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल संतोषी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया। जहां उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। कोतवाल अरुण प्रताप सिंह ने बताया हादसा करने वाले टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है। चालक फरार है। तलाश की जा रही है।