बाराबंकी के मंजीठा गांव में विश्व जल दिवस के अवसर पर जल जीवन मिशन के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम क
बाराबंकी। प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि जल संरक्षण को लेकर सरकार कोशिशें कर रही है लेकिन बिना लोगों के जागरुक हुए ऐसा संभव नहीं। गांव के लोगों को अपने तालाब, पोखर बचाने के लिए आगे आना होगा। सरकार 2024 तक हर घर में नल से पानी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्घ है। हरख ब्लॉक के मंजीठा गांव में बुधवार को जल दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने घर का पानी घर में, खेत का पानी खेत में... के साथ ...खेत में मेड़-मेड़ पर पेड़ का नारा दिया है। कहा कि मंजीठा जल संरक्षण के लिए मिसाल बनना चाहिए।
जल निगम द्वारा मंजीठा के नाग देवता मंदिर के पास आयोजित कार्यक्रम में गांव की सभी महिलाओं को बुलाया गया था। मंत्री ने महिलाओं को बुंदेलखंड व ललितपुर की महिलाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि पानी बचाने में महिलाओं का सबसे बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि आज मंत्री को गांव इसलिए भेजा जा रहा है कि लोग जल संरक्षण के प्रति जागरुक हो सकें। उन्होंने कहा कि घर का पानी सोख्ता के रूप में जमीन में जाए तभी जल बचेगा। स्वच्छता व जल को लेकर प्रधानमंत्री बहुत गंभीर हैं। घर-घर शौचालय बन गए हैं। शौचालय की गंदगी से धरती दूषित हो सकती है। इसलिए सरकार शौचालय के मलबे से खाद बनाएगी और पानी को संरक्षित किया जाएगा। गंगा किनारे ऐसा संंयंत्र लगाया जा रहा है। सफल होने पर ऐसे संयंत्र गांव-गांव लगेंगे। इस अवसर पर उन्होंने जल परीक्षण के लिए प्रशिक्षित की गई महिलाओं को मिट्टी का घड़ा प्रदान किया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष शशांक कुसमेश, हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत, पूर्व विधायक शरद अवस्थी, संदीप गुप्ता, हर्षित वर्मा, अवधेश वर्मा आदि मौजूद रहे।
पानी की टंकी का किया निरीक्षण
जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मंजीठा गांव में स्थित शुक्लाई पाइप पेयजल परियोजना में बनाई गई पानी की टंकी का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि इस गांव में सभी घरों में पानी कनेक्शन हैं व जलापूर्ति हो रही है। उन्होंने ग्रामीणों से बात की। जल निगम के जल निगम के अधिशासी अभियंता अमित कुमार को निर्देश दिया कि परियोजनाओं की नियमित चेकिंग करते रहें।
चिकित्सक व संत की भूमिका में दिखे स्वतंत्रदेव
मंजीठा में आयोजित कार्यक्रम में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह अपने चिरपरचित अंदाज में दिखे। उन्होंने कहा कि गांव की आबादी पांच हजार है। हर व्यक्ति एक लोटा पानी सूखे तालाब में डाले तो तस्वीर बदल जाएगी। गांववालों से कहा कि मैैदा व चीनी खाना बंद करें और शुद्घ पानी पिए। गारंटी है कि बीमार नहीं पड़ेंगे। इस दौरान उन्होंने सवाल किया कि कौन एक घंटे तक नहाता है तो लोग मुस्कुरा पड़े। मंत्री ने कहा कि लोग तालाब व गांव की जमीनों पर कब्जा कर लेते हैं। एक दिन सब यहीं छोड़कर जाना है। इसलिए किस बात का लालच।