रामनगर थाना क्षेत्र के भरसवां गांव में मंगलवार रात करीब 11 बजे चौकीदार पर मामूली बात को लेकर कई लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल चौकीदार को पुलिस ने सीएचसी रामनगर पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान चौकीदार की मौत हो गई। उनके पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, भरसवां गांव निवासी राजेश यादव (55) रामनगर कोतवाली में चौकीदार थे। रोज की तरह वह मंगलवार रात करीब 11:00 बजे कोतवाली से घर जाने के लिए निकले थे। तभी गांव में किसी बात को लेकर सरवन, शुभम, बाबू, कैलाश, रामू व रामसहारे ने लाठी-डंडों से हमला कर मरणासन्न कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सीओ रामनगर गरिमा पंत ने बताया कि मृतक के बेटे रामू की तहरीर पर पांच लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मृतक शराब के नशे में था, इसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी।