बाराबंकी। अमृत भारत योजना में चयनित बाराबंकी रेलवे स्टेशन की नवीनीकरण परियोजनाओं का रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। रविवार को स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में एलईडी लगाकर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम व उनके संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। इस मौके पर जिले के सांसद उपेंद्र सिंह रावत ने जनप्रतिनिधियों के साथ 36 करोड़ से होने वाले कार्यों के शिलापट्ट का अनावरण किया। इस मौके पर सांसद ने बताया कि स्टेशन में क्या-क्या सुविधाएं मुहैया होंगी।
देश के 508 स्टेशनों के नवीनीकरण की अमृत भारत योजना में बाराबंकी रेलवे स्टेशन भी शामिल है। रविवार को प्रधानमंत्री द्वारा इन स्टेशनों में होने वाले कार्यों की आधार शिला रखी गई। इसे लेकर बाराबंकी रेलवे स्टेशन परिसर में रेलवे ने एक कार्यक्रम का आयोजन किया। सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद उपेंद्र सिंह रावत पहुंचे। कार्यक्रम में दो एलईडी स्क्रीन लगाकर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का प्रसारण कराया गया। प्रधानमंत्री ने जैसे ही बटन दबाकर अमृत स्टेशन योजना लांच की लोगों ने ताली बजाकर इसका स्वागत किया।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 4500 करोड़ रुपए से 55 अमृत स्टेशनों को विकसित किया जाएगा। इस मौके पर सांसद उपेंद्र रावत ने रेलवे स्टेशन पर होने वाले 36 करोड़ से होने वाले कार्यों के शिलापट्ट का अनावरण किया। सांसद ने कहा कि स्टेशन पर दिव्यांगों और बुजुर्गों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वचालित सीढ़ियां बनेंगी। स्टेशन को नया भवन मिलेगा और से दूसरे प्लेटफार्म जाने के लिए ओवरब्रिज होगा। सांसद ने कार्यक्रम में मौजूद उत्तर रेलवे के पूर्व मंडल रेल प्रबंधक एसके सपरा की तारीफ की।
इस मौके पर पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत, हैदरगढ़ के विधायक दिनेश रावत, एमएलसी अंगद सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष शशांक कुसमेश, एडीआरएम वीएस नवीन राठौर, स्टेशन अधीक्षक अरुण कुमार रायजादा समेत तमाम लोग मौजूद थे।