रामनगर-सहादतगंज मार्ग पर रविवार देर रात तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी उसकी भाभी और मासूम भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। महिला व बच्चे को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, सोहन ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
भिठौरा गांव निवासी सोहन (33) खेती-किसानी करते थे। वह छह भाइयों में पांचवें नंबर पर थे। रविवार को वह अपनी भाभी प्रीती (38) और दो वर्षीय भतीजे शिवांश के साथ बाइक से रामनगर के ही किशुनपुर गांव गए थे। वहां उनके बड़े भाई के साढ़ू तिलकराम लोध की बेटी संजना का विवाह समारोह था। शादी की खुशियों में शामिल होने के बाद देर रात करीब 12 बजे सोहन अपनी भाभी और भतीजे को लेकर बाइक से वापस घर लौट रहे थे। रामनगर-सहादतगंज मार्ग पर चांदामऊ के पास पहुंचते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।
परिवार में कोहराम, दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
सोहन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी शिवानी और दो मासूम बच्चों हर्षित (4) व शिवांश (2) को छोड़ गए हैं। मां शकुंतला और पत्नी शिवानी का रो-रोकर बुरा हाल है। एसएचओ अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सहादतगंज मार्ग पर अवैध पार्किंग
रामनगर-सहादतगंज मार्ग पर रात के समय सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क होने वाले भारी वाहन लगातार काल बन रहे हैं। बिना किसी रिफ्लेक्टर या पार्किंग लाइट के अंधेरे में खड़े इन ट्रकों के कारण पूर्व में भी कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पुलिस और परिवहन विभाग की लापरवाही के कारण ट्रक चालक सड़कों की पटरियों पर गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। अगर पुलिस इन अवैध रूप से खड़े होने वाले ट्रकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए और उनके चालान काटे तो ऐसे जानलेवा हादसों पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।