दरियाबाद (बाराबंकी)। नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में सोमवार को बोर्ड की पहली बैठक अध्यक्ष रुकसाना बानो की अध्यक्षता में हुई। सर्वसम्मति से आठ करोड़ रुपये के आय-व्यय बजट पर मुहर लगी।
ईओ शीलू अवस्थी ने सबसे पहले बैठक का एजेंडा प्रस्तुत किया। नगर में विकास कार्यों के लिए आठ करोड़ रुपये का आय-व्यय प्रस्तुत करने के साथ करीब दो सौ विकास कार्यों के प्रस्ताव रखे गए, जिन्हें सर्वसम्मति से पास किया गया। सभी वार्डो से सभासदों ने लगभग दस-दस प्रस्ताव आए। इनमें स्ट्रीट लाइट, सड़क निर्माण, पेयजल, टूटी पुलिया निर्माण, साफ सफाई आदि प्रस्ताव शामिल रहे। बोर्ड बैठक में नगर पंचायत के तालाबों पर अतिक्रमण का मुद्दा जोरों से उठाया गया।
सदस्यों ने नगर पंचायत के तालाबों को अतिक्रमण मुक्त करवाने की मांग की, जिसका सभी ने समर्थन किया। नगर की जर्जर पाइप लाइन को बदलकर नई पाइप लाइन बिछाने, हर मुहल्ले में घर घर पेयजल पहुंचाने, साफ सफाई नियमित कराने, टूटी नालियों और जलभराव की समस्या से निजात दिलाने आदि बिंदुओं पर चर्चा हुई। बैठक में लिपिक मनीष श्रीवास्तव, बाबूलाल मिश्र, सभासद मोहम्मद दिलदार, मोहम्मद करीम, वीरेंद्र नाथ शर्मा, पिंकी सोनकर, गौस मोहम्मद, धर्मेंद्र कुमार, सबीना, शाहीन, निसार खान, आमिर अंसारी आदि मौजूद रहे।