पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शुक्रवार को पूरा बाराबंकी बंद रहा। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल, सरकारी कार्यालयों में अवकाश के कारण ताला लटकता रहा, वहीं बाजार व निजी संस्थानों पर सन्नाटा पसरा रहा। जगह जगह अटल जी के समर्थनों ने शोक सभाएं आयोजित की। दो मिनट का मौन रख लोगों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्घांजलि अर्पित की। पूरा दिन लोग टीवी पर निगाहें गड़ाकर अटल जी की अंतिम यात्रा देखने के लिए डटे रहे।
जिले के व्यापार मंडल के चार संगठनों ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर उनके सम्मान में व्यापार बंद करने का ऐलान किया था। पहली बार बाराबंकी किसी मांग को लेकर व किसी दबाव में नहीं बल्कि अपने चहेते नेता के सम्मान में बंद रहा। व्यापार मंडल के राजीव गुप्ता बब्बी, मनोज जायसवाल, पवन जैन, रविनन खजांची, संजय निगम राजकुमार वर्मा, सरदार चरनजीत सिंह आदि के नेतृत्व में सट्टी बाजार के साथ सभी दुकानें बंद रही।
धनोखर चौराहे पर व्यापारियों द्वारा श्रद्घांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमें सभी व्यापारियों ने अटल जी अमर रहे के नारे लगाए और इसे हर वर्ग के लिए अपूर्णीय क्षति बताया। शहर व ग्रामीण क्षेत्रों के निजी स्कूलों में भी शोक सभाओं का दौर पूरे दिन चलता रहा। शहीद पार्क में नव निर्माण युवा ब्रिगेड टीम के अमन वर्मा, पारितोष, अदनान समेत भारी संख्या में पहुंचे युवाओं ने अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्घांजलि अर्पित की। पूर्वमंत्री संग्राम सिंह वर्मा, दिनेश वैश्य ने अपने आवास पर शोक सभा मनाई।