बाराबंकी शहर के घंटाघर के निकट गुलरिया शारदा मोहल्ले में कारोबारी आकाश गुप्ता की पत्नी वैष्णवी (28) की शनिवार रात संदिग्ध दशा में मौत हो गई। ससुराल पक्ष का कहना है कि वैष्णवी ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या की है, जबकि उन्नाव से पहुंचे मायके वालों ने महिला के हाथ व गले में चोट बताते हुए ससुरालजन पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने पति सहित पांच के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। वैष्णवी का डेढ़ साल का बेटा भी है।
उन्नाव के पुरानी बाजार निवासी कारोबारी पीयूष गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बहन वैष्णवी की शादी 15 फरवरी 2023 को आकाश गुप्ता से की थी। आकाश की घंटाघर के पास बर्तन की दुकान है। शादी में 20 लाख रुपये नकद और डायमंड की अंगूठी समेत अन्य सामान दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल वाले वैष्णवी को प्रताड़ित करते थे और आए दिन रुपये व जेवर की मांग करते थे।
कई बार 50 हजार तो कभी एक लाख रुपये देने के साथ ही चेन और अंगूठी भी दी गई। पीयूष का आरोप है कि बहन की बातचीत की जानकारी रखने के लिए मायके वालों ने उसका फोन रिकॉर्डिंग पर लगा रखा था। वैष्णवी ने व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से प्रताड़ना की जानकारी दी थी। शनिवार की देर रात करीब 10 बजे ससुर सुभाष ने फोन कर वैष्णवी की तबीयत खराब होने की सूचना दी और आने को कहा।
परिजन पहुंचे तो वैष्णवी का शव बरामदे में रखा मिला। उनके अनुसार उसके बाएं हाथ और गले पर चोट के निशान थे। रात करीब एक बजे सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सिटी आफताब आलम ने बताया कि पति, ससुर, ननद, देवर व सास पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
पोस्टमार्टम हाउस में पुलिस रही तैनात
वैष्णवी की मौत की सूचना पर उन्नाव से बड़ी संख्या में रिश्तेदार और परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। यहां दोनों पक्षों के बीच तनातनी की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल बुलाना पड़ा। पुलिस ने दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए, जिसमें एक महिला डॉक्टर भी शामिल थीं।