बाराबंकी। रेलवे स्टेशन के पास पटरी पर अनुरक्षण व मरम्मत कार्य के चलते बंकी कस्बे को जाने वाली रेलवे क्रॉसिंग शुक्रवार को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक पूरी तरह बंद रही। इस दौरान शहर और आसपास के नगर पंचायत क्षेत्रों में आवागमन करने वाले लोगों को पांच से 10 किमी तक का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह रेलवे क्रॉसिंग पहले से ही हर पांच से 10 मिनट में बंद होती है। इससे आए दिन जाम और परेशानी की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में पूरे दिन क्रॉसिंग बंद रहने से स्थिति और अधिक गंभीर हो गई। रेलवे द्वारा इन दिनों बाराबंकी-लखनऊ रेल खंड पर पटरी के अनुरक्षण का कार्य कराया जा रहा है। इसके तहत पुराने पत्थरों को हटाकर नए डाले जा रहे हैं, जिससे ट्रैक को मजबूत बनाया जा सके। इसी कार्य के चलते एक दिन पहले भी क्रॉसिंग बंद रखी गई थी।
ओवरब्रिज का निर्माण जल्द होगा शुरू
स्टेशन अधीक्षक अरुण राज यादव ने बताया कि शनिवार से रेलवे क्रॉसिंग को पूरी तरह खोल दिया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस स्थान पर जल्द ही रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्रॉसिंग पर अक्सर जाम के चलते कई हादसे हो चुके हैं और कई बार मरीजों की जान भी जा चुकी है। ऐसे में ओवरब्रिज ही स्थायी समाधान है।