वेतन वृद्घि की मांग को लेकर बुधवार को राष्ट्रीयकृत बैंकों में तालाबंदी कर अधिकारी व कर्मचारी हड़ताल पर रहे। दो दिवसीय यह हड़ताल यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियन के आहवान पर की गई। जिसमें जिले भर के राष्ट्रीयकृत बैंक में तालाबंदी कर कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। दो दिवसीय हड़ताल के पहले दिन ही चलते जहां लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा वहीं करोड़ों रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ। बैंक सूत्रों की माने तो जिले में करीब 210 करोड़ के कारोबार पर असर पड़ा है।
जिले में राष्ट्रीयकृत 21 बैंक की 257 शाखाएं हैं जो हड़ताल के चलते बंद रही। बुधवार को यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियन के आहवान पर जिले भर की सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों के अधिकारी व कर्मचारियों ने तालाबंदी कर हड़ताल व प्रदर्शन किया। इस हड़ताल में कोआपरेटिव व ग्रामीण बैंक हड़ताल से दूर रहे। गौरतलब है कि केंद्र सरकार से लंबे समय से बैंक के कर्मचारियों व अधिकारियों द्वारा वेतन वृद्धि करने की मांग कर रहे हैं जिसको लेकर यह हड़ताल की गई। भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य शाखा के प्रबंधक राकेश कुमार ने साथी कर्मचारियों के साथ स्टेट बैंक के बाहर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में केके सिंह, अर्पित कुमार, बी प्रसाद समेत अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।