गैड़ास बुजुर्ग (बलरामपुर)। बैंक व खाताधारकों का लाखों रुपया हड़प कर फरार हुए प्रथमा ग्रामीण बैंक, इटईराम के आरोपी शाखा प्रबंधक को पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है। पश्चिमी चंपारण का रहने वाला प्रबंधक सूरज कुमार कोलकाता के मुच्चीपाड़ा के होटल पदमा में छुपा था। सर्विलांस टीम को मिली जानकारी के बाद पुलिस टीम ने होटल पर छापा मार कर आरोपी प्रबंधक को गिरफ्तार किया।
थाना क्षेत्र के प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक शाखा इटईरामपुर का प्रबंधक बैंक के लॉकर में रखे 18.57 लाख रुपये के साथ बैंक के कई अन्य खातेधारकों के खाते से लाखों रुपये का गबन कर फरार हुआ था। प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र ने बताया कि पकड़े गए बैंक प्रबंधक ने पूछताछ में बताया कि वह ऑनलाइन सट्टा लगाकर क्रिकेट खेलता था। इसी कारण वह सारा पैसा हार बैठा। गिरफ्तारी के समय उसके पास से 15 सौ रुपये नकद व आठ एटीम कार्ड मिले हैं।