लोनीकटरा के बेनीगंज गांव में किसान के बैंक खाते से बैंक मित्र ने धोखे से एक हजार रुपये निकाल लिए। जानकारी पर ग्रामीण ने रुपये मांगे तो उसे मारपीट कर भगा दिया। शिकायत के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की तो पीड़ित ने कप्तान से गुहार लगाई है।
बेनीगंज मजरे शिवनाम के महादेव ने बताया कि बीती 16 सितंबर को आर्यावर्त ग्रामीण बैंक शाखा शदरुद्दीनपुर में गांव के बैंक मित्र से एक हजार रुपये निकलवाए थे। लेकिन उन्होंने अगले दिन दो हजार रुपये की रसीद दी।
इसके बाद 21 सितंबर को बैंक जाने पर पासबुक में दो हजार निकासी दर्शाए जाने पर दोबारा संपर्क किया। इस पर पहले एक हजार रुपये वापस देेने का आश्वासन देकर लौटा दिया लेकिन अगले दिन रुपये मांगने पर मारापीटा और धमकी देकर भगा दिया है।
घायल अवस्था में थाने पर पहुंचकर शिकायत की तो वहां से चिकित्सीय परीक्षण व इलाज करा कर वापस घर भेज दिया गया है। एसपी राजूबाबू सिंह से शिकायत कर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। थानाध्यक्ष श्रीधर पाठक ने कहा कि शिकायत मिलने पर जांच की जा रही है।