बाराबंकी। जिले में तैयार किए गए नकली टाटा नमक की बिक्री पर रोक के लिए जिले भर में अभियान चलाया जाएगा। इसे लेकर सभी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा आसपास के जिले में भी इस नमक की खपत की जांच के लिए सहायक आयुक्त खाद्य आयुक्त से मिलकर जांच कराने की मांग करेंगे। कंपनी के प्रतिनिधियों की तहरीर पर शुक्रवार को केस दर्ज किया गया था।
शहर की शांति विहार कॉलोनी और शुक्लई स्थित एक गोदाम में बड़े पैमाने पर नकली टाटा नमक के साथ ही अन्य उत्पाद भी तैयार किए जा रहे थे। एफएसडीए द्वारा मारे गए छापे में इस बात का खुलासा होने के बाद पहुंचे कंपनी के प्रतिनिधियों ने भी इस बात से इन्कार कर दिया था कि यह उत्पाद प्रमुख कंपनियों के हैं।
इसके बाद से इन उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य शैलेंद्र सिंह ने बताया कि जिले भर में आपूर्ति किए गए टाटा नमक की बिक्री पर रोक लगाने के लिए सभी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को तहसील स्तर पर अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इस नमक का बैच नंबर डीएल है जो किसी कंपनी के बैच नंबर खासकर टाटा नमक के नंबर से मैच नहीं खाता है। इसलिए इस बैच नंबर के नमक की बिक्री पर रोक के लिए जिले भर में अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ सभी विक्रेताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वह इस बैच नंबर के नमक की बिक्री किसी भी हाल में न करें।