बाराबंकी। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में सोमवार को परिषदीय विद्यालयों की दो दिवसीय जनपद स्तरीय बाल क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बालक और बालिका वर्ग में कंपोजिट विद्यालय बड़ेल की टीम ने विजेता का खिताब जीता। उपविजेता के रूप में बालक वर्ग में कंपोजिट विद्यालय राजराजेश्वर नगर और बालिका वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय बसंतपुर पूरेडलई की टीम रहीं।
एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में अभिजीत, 100 मीटर में गोलू यादव, 200 मीटर में जफर और 400 मीटर में आशु यादव ने पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, बालिका वर्ग में 50 मीटर और 100 मीटर दौड़ में तृप्ति, 200 मीटर में काव्या और 400 मीटर में मुस्कान प्रथम रहीं। लंबी कूद प्रतियोगिता में बालक वर्ग से साहिल और बालिका वर्ग से खुशी विजेता बने। कुश्ती प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में 20 से 30 किग्रा भार में प्रिया, 30 से 35 किग्रा में निधि, 35 से 40 किग्रा में मानवी, 40 से 45 किग्रा में शिखा और 50 किग्रा भार में प्रथम पर रहीं। बालक वर्ग की कुश्ती में 25-30 किग्रा में साहिल, 30-35 किग्रा में मनीष यादव, 35-40 किग्रा में विवेक, 40-45 किग्रा में आबिद अली, 45-50 किग्रा में शादाब और 50 किग्रा से अधिक भार में मोहित ने पहला स्थान हासिल किया। शतरंज प्रतियोगिता के बालक वर्ग में अनूप, राधे, हरिओम और अभि विजेता बने, जबकि बालिका वर्ग में दिव्या, मीरा, शैल और सुहानी ने बाजी मारी। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी मनीराम (दरियाबाद), सुनील कुमार गौड़ (देवा), जैनेन्द्र कुमार (मसौली) समेत अनिल सिंह, दिलीप तिवारी और मनोज चौधरी आदि उपस्थित रहे।