घुंघटेर। कुर्सी क्षेत्र के ग्रामीणों को जल्द ही आए दिन होने वाले बिजली संकट और लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी। बाबागंज कस्बे के पास निर्मित बिजली उपकेंद्र पूरी तरह तैयार हो चुका है। इसका ट्रायल भी सफल रहा है। इस उपकेंद्र के शुरू होने से बाबागंज, घुंघटेर, गड़िया, जमुआ छिलगवां, नारायणपुर सराय शाहबाज, लोनार, कोठार, हाजीपुर, रसूलपुर, धौराहरा, टिकरा, मोहलिया, सलेमाबाद करीब 225 गांवों की डेढ़ लाख से अधिक आबादी को बड़ी राहत मिलेगी।
यह बिजली उपकेंद्र करीब एक वर्ष से अधूरा पड़ा था। इससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित रहती थी। बीते 11 नवंबर को अमर उजाला ने इस समस्या को प्रमुखता के साथ उठाया था। इसका संज्ञान लेते हुए आला अफसरों ने तत्काल अधूरे पड़े उपकेंद्र को संचालित कराने का निर्देश दिया था। सिर्फ 12 दिन बाद ही उपकेंद्र का कार्य पूरा कर इसका ट्रायल भी कर लिया गया है। विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने बताया कि उपकेंद्र का औपचारिक उद्घाटन एक सप्ताह में होगा। उपकेंद्र शुरू होने से गर्मी के मौसम में होने वाली बिजली कटौती में कमी आने के साथ ही लो-वोल्टेज की समस्या भी खत्म होगी। (संवाद)