बाराबंकी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्रीकृष्ण चन्द्र सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को बंकी ब्लॉक में राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के अवसर पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
इसमें हिस्सेदारी करते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष सितंबर माह में राष्ट्रीय पोषण सप्ताह मनाया जाता है। इसमें गर्भवती महिलाओं को पोषणयुक्त खाद्य सामग्री के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया जाता है। आयोजन के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बच्चों को कुपोषण से बचाव के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि इस माह में विशेष कर 0 से 06 वर्ष तक के बच्चों के पोषण पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाता है।
बताया गया कि गर्भवती महिलाओं को गर्भ के दौरान चना, दलिया, गुड़ का सेवन करना चाहिए। सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए उनके आहार पर विशेष रूप से ध्यान देना चाहिए। बच्चों के आहार में पौष्टिक आहार वाली चीजे जैसे दूध, दलिया, गुड़ आदि शामिल करें जिससे उन्हेें कुपोषण से बचाया जा सकें। इस मौके पर बीडीओ संस्कृता मिश्रा व अन्य लोग मौजूद रहे। (संवाद)