बाराबंकी। कस्बा रामनगर में बुढ़वल रेलवे स्टेशन मोड़ पर मंगलवार शाम ऑटो चालक की पिटाई के बाद चाकू से पेट पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। रामनगर स्थित कांशीराम कॉलोनी निवासी भारत बहेलिया (42) के अनुसार वह ऑटो रिक्शा चलाते हैं।
मंगलवार शाम सात बजे कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। एक युवक ने पहले उनकी पिटाई की, फिर चाकू निकालकर उनके पेट में वार कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल को सीएचसी पहुंचाया गया। यहां पहुंची पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर लिए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में हमला करने वालों में बहारुख नामक युवक का नाम सामने आया है। रामनगर एसएचओ अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।