बाराबंकी। शहर के शिवाजीपुरम मोहल्ले में दिनदहाड़े घर में घुसे बदमाश ने मां-बेटी को चाकू दिखा लूट का प्रयास किया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाश से भिड़ गई तो बदमाश चाकू से हमला कर भाग खड़ा हुआ। सीसीटीवी फुटेज में उसकी पहचान होने के बाद महिला के पति ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंपा है। शुक्रवार को पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
प्रदीप कुमार वर्मा के अनुसार बृहस्पतिवार को वह व्यवसाय के सिलसिले में जैदपुर गए थे। घर में उनकी पत्नी निशा व दो बच्चे थे। दोपहर करीब दो बजे एक व्यक्ति हेलमेट लगाकर घर में घुस आया। पुत्री रितिष पटेल ने विरोध किया तो उसने चाकू से वार कर दिया। यह देख निशा ने हिम्मत दिखाई और बदमाश से भिड़ गई। उनके हाथ पर भी चाकू लगा। मां-बेटी के चिल्लाने से बदमाश वहां से भाग निकला।
घर वापस लौटे प्रदीप ने जब सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे तो वह शहर का ही निवासी बिजली का मिस्त्री प्रमोद कुमार वर्मा निकला। प्रदीप ने उसे घर बुलाया और सख्ती की तो उसने घटना को स्वीकार किया। शहर कोतवाल अजय त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी कर्ज में डूबा है। वह पहले प्रदीप के यहां काम कर चुका था। लूट के इरादे से घर में घुसा था।