बाराबंकी। शहर कोतवाली क्षेत्र में अवैध कब्जा चिह्नित कर रही राजस्व विभाग की टीम पर हमला हुआ। टीम पर ईंट से हमला करने के बाद नायब तहसीलदार, कानूनगो व लेखपाल को एसयूवी से कुचलने का प्रयास किया गया। इतना ही नहीं अभिलेख व नक्शा फाड़ दिया गया। लेखपाल की तहरीर पर चार लोगों को नामजद करते हुए नौ के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी काम रोकने व सरकारी जमीन कब्जाने के आरोप में केस दर्ज किया गया है।
सदर तहसील के नायब तहसीलदार ऋतुराज शुक्ल, लेखपपाल सुनील कुमार तिवारी व प्रधान शुएब द्वारा शनिवार शाम शहर कोतवाली में तहरीर दी गई। इसके अनुसार लालपुरवा गांव निवासी रामसरन व अन्य ग्रामीणों ने शिकायत थी कि चकरोड संख्या 60 व 63 को अवैध प्लाॅटिंग में मिला लिया गया है, जिससे रास्ता नहीं बचा है। इसे लेकर नायब तहसीलदार ऋतुराज शुक्ल की अगुवाई में राजस्व की एक टीम लालपुरवा पहुंची थी। टीम ने जांच में पाया कि शिकायत सही है। इसके बाद टीम ने नामजोख की और चकरोड को चिह्नित करने लगी। टीम के अनुसार इसी दौरान रानू, विक्की, जितेंद्र पांडेय, विशंभर ने अपने चार पांच साथियों के साथ नायब तहसीलदार से अभ्रदता करते हुए मारपीट पर उतर गए।
इन लोगों ने टीम पर ईट फेंककर मारनी शुरू कर दी। इससे राजस्वकर्मी जान बचाकर भागे। आरोप है कि इसी दौरान नायब तहसीलदार, कानून गो व लेखपाल को एसयूवी से कुचलने का प्रयास किया गया। राजस्व के अभिलेख व नक्शा फाड़ डाले गए। शहर कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि चारों आरोपियों व पांच अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
ध्वस्त की जाएगी अवैध प्लॉटिंग
प्लाॅटिंग में चकरोडों की जमीन मिलाई गई। मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त की जाएगी।
- विजय कुमार त्रिवेदी, एसडीएम सदर