बाराबंकी। हैदरगढ़ बस स्टेशन से पड़ोसी जिलों तक बसें सिर्फ कागजों पर ही फर्राटा भर रही हैं। जमीनी तौर पर इनमें से अधिकांश बसें शाम को हैदरगढ़ बस स्टेशन पर ही खड़ी हो जाती है। इसके बाद कागजों में बस का बछरावां व शिवगढ़ तक का फर्जी चक्कर दर्शा दिया जाता है।
बाराबंकी डिपो से अनुबंधित बस यूपी 41 एटी 2632 को रूट चार्ट के अनुसार शाम पांच बजे रायबरेली जाकर वापस लौटना है। लेकिन यह बस बाराबंकी से लौट कर बस स्टेशन पर खड़ी हो जाती है और सवारियों की कमी बताकर शिवगढ़ या बछरावां तक का चक्कर दिखा दिया जाता है। जबकि रायबरेली डिपो की बस सुबह जाकर शाम को वापस लौटती है।
इस दौरान पूरे दिन रायबरेली, महराजगंज, हलोर, शिवगढ़़, बछरावां जाने के लिए यात्री टेंपो-टैक्सी आदि डग्गामार वाहनों से यात्रा करने को विवश होते हैं। एआएम हैदरगढ़ जगदीश प्रसाद ने बताया कि फर्जी संचालन की धरपकड़ के लिए बसों की समय सारिणी व तय मार्ग पर अवागमन की जांच कराई जाएगी।