बाराबंकी। शहर के साथ अयोध्या व लखनऊ में चोरी करने वाले गिरोह के चार बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपियों के पास से करीब छह लाख रुपये कीमत के जेवरात और एक लाख रुपये नकद बरामद किए गए है। एक हाफ डाला, बाइक, तमंचा, कारतूस और चोरी में प्रयोग किए जाने वाले औजार भी मिले है। बदमाशों को पकड़ने वाली टीम को एसपी ने 20 हजार का इनाम दिया है।
एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि क्राइम ब्रांच टीम ने सनी उर्फ सुनील उर्फ सोनू रस्तोगी निवासी ग्राम धमेड़ी थाना रामनगर, सलमान निवासी पूरे तरबेज थाना पटरंगा, अयोध्या, आदित्य पुरोहित निवासी राजेन्द्रनगर, नाका जनपद लखनऊ व शकील निवासी कटरा मोहल्ला बिजनौर थाना सरोजनीनगर, लखनऊ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अयोध्या व बाराबंकी में हुई चोरी की कई घटनाओं का खुलासा करने का दावा किया है। एसपी ने बताया कि चारों अभियुक्तों एक गिरोह के सदस्य हैं। इस गिरोह के लोग सामान बेचने के बहाने दिन में बंद मकानों की पहचान करते और रात में ताला तोड़कर चोरी करते हैं।
एसपी के मुताबिक यह गिरोह छोटे मालवाहक से चलता है। चोरी करने के बाद मालवाहक से भाग निकतले। इस गिरोह ने विगत माह शहर के डिवाइन ग्रीन सिटी कॉलोनी स्थित पत्रकार अमित पांडेय के मकान समेत कई स्थानों पर चोरी की थी। बरामद हुए जेवरात व नकदी चोरी की गई थी। इस गिरोह के बदमाश बाराबंकी के साथ लखनऊ व अयोध्या में भी घटनाएं कर चुके हैं। इस गिरोह को पकड़ने वाली टीम में शामिल क्राइम ब्रांच की स्वाट प्रभारी विवेक सिंह, इदरीश खां, बलिकरन, आदिल हासमी, अंकुश शंखवार, प्रवीण शुक्ला, बृजेश यादव, एसआई मार्कण्डेय सिंह, राजेन्द्र यादव, विवेक पाण्डेय आदि को एसपी ने 20 जार रुपये का इनाम देने की घोषणा की।