बाराबंकी। बड्डूपुर क्षेत्र के ग्राम अमृतपुर मजरे बुढ़ना निवासी रामदुलारे की पुत्री आशा (17) 15 अक्टूबर को छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन फार्म भरने निकली थी। उसके बाद आशा लापता हो गई। तलाश के दौरान मिली जानकारी पर पिता ने रीवा-सीवां निवासी राहुल वर्मा के खिलाफ पुत्री को अगवा करने की रिपोर्ट दर्ज कराई। सोमवार को छात्रा का शव कुर्सी क्षेत्र के खेरिया गांव के निकट शारदा नहर में मिला था। प्रभारी एसपी आरएस गौतम ने बृहस्पतिवार को बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्रा की हत्या गला दबाकर किए जाने की पुष्टि हुई है। आरोपी राहुल वर्मा ने पूछताछ में जुर्म कबूल किया है। उसके व छात्रा के बीच दोस्ती थी। विवाद के बाद उसने छात्रा की हत्या कर दी। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।