बाराबंकी। रामसनेहीघाट क्षेत्र में शनिवार रात भाई-बहन से 30 हजार रुपये व बाइक लूटने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास लूटे गए रुपये व एक बाइक बरामद हो गई है।
लूट की घटना रामसनेहीघाट क्षेत्र में ग्राम भेन्दुआ पावर हाऊस के पास हाईवे पर हुई थी। अनीता देवी पुत्री नन्कऊ निवासी ग्राम लालपुर थाना पटरंगा जनपद अयोध्या शनिवार रात अपने भाई के साथ बाइक से गांव जा रही थी। पावर हाऊस के पास हाईवे पर बाइक सवार दो बदमाशों ने भाई-बहन को रोककर 30 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया था। एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर बदमाशों की तलाश करने के साथ पीड़िता के लूटे गए मोबाइल फोन के सर्विलांस से शैलेन्द्र कुमार मिश्रा उर्फ मदन निवासी ग्राम कटघरा थाना पटरंगा जनपद अयोध्या व रवी कुमार पाठक निवासी ग्राम सड़वाभेलू थाना असन्द्रा को बाबा रामसनेही मन्दिर के पास से रविवार सुबह गिरफ्तार किया गया।
दोनों अभियुक्तों के पास लूटे गए 30 हजार रुपये, मोबाइल फोन एवं घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शैलेन्द्र का भाई गीरेन्द्र मिश्रा को कुछ माह पहले सफदरगंज पुलिस ने मार्फीन के साथ पकड़ा था। उस की पैरवी में शैलेंद्र बाराबंकी आता जाता था। पैसे की जरूरत पड़ने पर उसने घटना की है।