बाराबंकी। फतेहपुर क्षेत्र में एक सेल्समैन से दो दिन पूर्व 58 हजार रुपये लूटने की घटना में एक आरोपी को पुलिस ने टोल प्लाजा पर गिरफ्तार कर कार व कैश बरामद कर लिया है। मौके से भागे दूसरे आरोपी को गोरखपुर में दबोचा गया है।
सफदरगंज क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी शुभकरन मंगलवार को एक दंत मंजन की सप्लाई करने के लिए वाहन चालक बदोसराय के किंतूर निवासी एहसान आलम के साथ निकला था। शाम को इसरौली में वाहन को किनारे खड़ा कर शुभकरन पान खाने और चालक एहसान शौच करने चला गया। इस बीच एक बदमाश वाहन में रखा 58 हजार रुपयों से भरा बैग लेकर कार से भाग निकला। यह देख सेल्समैन ने किया तो वह एक कार में बैठकर भाग निकला। सूचना पहुंचे सीओ अरविंद वर्मा ने मौके पर पहुंच पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग खंगाली तो लूट में प्रयोग की गई कार का नंबर पता चला। सीओ अरविंद वर्मा ने बताया कि छानबीन के दौरान बुधवार शाम टोल प्लाजा अहमदपुर से विनोद तिवारी निवासी थाना उरूवा बाजार जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया गया। उसके पास लूटे गए 57 हजार नौ सौ रुपये, बिल बाउचर, दो मोबाइल फोन व घटना में प्रयुक्त कार को बरामद किया गया। दूसरा अभियुक्त राजकुमार निवासी ग्राम गजपुर थाना उरुवा बाजार गोरखपुर भाग निकला। राजकुमार को गोरखपुर में पुलिस ने पकड़ लिया है।