रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। होली का त्योहार जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, शराब तस्करों ने भी वैसे ही अपने कारोबार को फैलाना शुरू कर दिया है। इसी का नतीजा है कि तस्करी कर हरियाणा से ट्रक पर लादकर बिहार ले जाई जा रही करीब सात सौ पेटी शराब पुलिस ने अयोध्या हाईवे से बरामद की है। बरामद शराब की कीमत करीब तीस लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है जबकि अन्य तस्कर भाग निकले। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसके साथियों की तलाश शुरू कर दी है।
एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि रामसनेहीघाट कोतवाल आलोक मणि त्रिपाठी ने दल-बल के साथ चेकिंग के दौरान एक बढ़ी कामयाबी हासिल की है। अयोध्या हाईवे पर बुधवार की सुबह पुलिस ने ग्राम अंगदपुर के पास जब एक ट्रक की तलाशी ली तो उसके अंदर हरियाणा ब्रांड की क्रेजी रोमियो विहस्की ब्रांड की सात सौ पेटी शराब लदी मिली।
इस दौरान पुलिस ने ट्रक चालक संदीप उर्फ काका निवासी ग्राम मकीनपुर थाना राई जनपद सोनीपत हरियाणा को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में चालक ने बताया कि यह ट्रक हरियाणा से देवरिया जनपद ले जाता, वहां से आगे चालक मिलता जिसके बाद इसेे बिहार पहुंचाया जाता। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
एसपी ने बताया कि ट्रक में लदी सात सौ पेटी में करीब 33 हजार छह सौ शीशी शराब भरी थी। कप्तान ने बताया कि बरामद शराब की बिक्री यूपी में प्रतिबंधित है जबकि इसकी कीमत करीब तीस लाख रुपये के आसपास है। इस कामयाबी पर एसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की भी बात कही है।
बरामद शराब जिस ब्रांड की है उसकी एक शीशी की कीमत हरियाणा में करीब चालीस रुपये होगी लेकिन इसकी यूपी व बिहार में बिक्री डेढ़ से दो सौ रुपये के आसपास होती है। इसीलिए ज्यादा कमाई के चक्कर में शराब तस्कर इस कारोबार को अंजाम देने से चूक नहीं रहे हैं। हालांकि इस गिरोह के अन्य सदस्य पकड़े गए तो पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिल सकेगी।
कोतवाल रामसनेहीघाट आलोकमणि त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम यहां लगातार गैर प्रांत की शराब बरामद करती रही है। इससे पहले पुलिस ने 14 मार्च 2019 को इनोवा व होंडा सिटी कार से 43 पेटी शराब बरामद की थी। 28 मार्च 2019 को सेंट्रो कार से दस पेटी, 25 अगस्त 2019 को सफारी कार से 25 पेटी, 20 अक्तूबर 2019 को एक डीसीएम से 230 पेटी, 28 नवंबर 2019 को एक ट्रक में लदे मोबाइल शौचालय से 290 पेटी, 16 दिसंबर 2019 को दो कार से 19 पेटी, 23 दिसंबर 2019 को एक कार से 23 पेटी, 28 ।दिसंबर 2019 को एक ट्रक से छह सौ पेटी, सात जनवरी 2020 को एक डीसीएम से 175 पेटी व चार मार्च को पुलिस ने एक ट्रक से सात सौ पेटी शराब बरामद की है। यह सभी शराब हरियाणा प्रांत की ही मिली है।