बाराबंकी। अयोध्या में प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए बाराबंकी से शानदार उपस्थिति दर्ज कराने को लेकर मंत्री, सांसद, विधायक व अन्य भाजपा नेता शुक्रवार को पूरे दिन तैयारी में लगे रहे। इस दौरान जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों और नेताओं में तैयारी को लेकर कई बार वार्ता हुई। यातायात से लेकर अफसरोें के बीच बस एक ही चर्चा अयोध्या में राममंदिर की रही। भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद मौर्य ने बताया कि अयोध्या जाने के लिए 1100 बसों के साथ कार्यकर्ताओं के भोजन व पानी की व्यवस्था की गई है।
अयोध्या में शनिवार को होने वाले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार रात 10 बजे से ही जिला व तहसील स्तर से बसों और अन्य वाहनों को शक्ति केंद्रों व बूथों पर भेजने का क्रम जारी रहा। करीब 55 बसें परिवहन निगम की ली गई हैं। राज्यमंत्री सतीश चद्र शर्मा सुबह 11 बजे ही रामसनेहीघाट पहुंच गए। उन्होंने पूरे क्षेत्र का भ्रमण कर अनुशासित ढंग से अयोध्या तक पहुंचने की अपील की। बाराबंकी का दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र अयोध्या लोकसभा क्षेत्र में आता है, इसलिए हम हर जिले से ज्यादा भारी संख्या में प्रधानमंत्री का स्वागत करने की तैयारी में हैं।
प्रभारी मंत्री जितिन ने की समीक्षा बैठक
बाराबंकी। अयोध्या में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार शाम प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री जितिन प्रसाद ने शहर स्थित डाक बंगले में समीक्षा बैठक की। उन्होंने हाईवे पर सुरक्षा के साथ कार्यकर्ताओं के अयोध्या पहुंचने तक के इंतजामों के बारे में जाना। इस दौरान उन्होंने कहा कि वाहनों पर रहने वाले भोजन व वाहन प्रमुख अपने-अपने कर्तव्यों का सही ढंग से निर्वहन करें। इस मौके पर राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिले का हर कार्यकर्ता सजग व उत्साहित है। इस मौके पर सांसद उपेंद्र रावत, जिला प्रभारी व एमएलसी अवनीश सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष अरविंद मौर्य और पार्टी के तमाम कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।