बाराबंकी। शहर कोतवाली में प्लाट दोबारा बेचने, खरीदारों की बाउंड्री ध्वस्त करने और धमकी देने के आरोप में रियल एस्टेट कंपनी के निदेशक समेत पांच नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
अयोध्या नगर निवासी मयंक वर्मा ने एसपी से शिकायत में बताया कि सर्वसिद्ध बिल्डर्स एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी के निदेशक शिव सिंह, हरिकेश वर्मा, भारत प्रताप, राम अवतार और विकास यादव ने शुक्लाई में प्लाटिंग की थी। मयंक ने दिसंबर 2015 में मां और अपने नाम से तीन प्लाट खरीदे थे। उनके परिवार व रिश्तेदारों ने भी वहां प्लाट लिए थे और करीब आठ फीट ऊंची बाउंड्री बनाकर गेट लगाए थे।
आरोप है कि संजीव कटियार का प्लाट भी 23 फरवरी 2015 को बैनामा हुआ था। इसके बाद आरोपियों ने उन्हीं प्लाटों को अन्य लोगों को बेच दिया और कब्जा कराने का प्रयास किया। 28 सितंबर को लेखपालों ने जांच की। टीम के लौटने के बाद विकास यादव पर धमकी देने का आरोप है। 29 सितंबर को बाउंड्री टूटी और गेट गायब मिले। सीओ सिटी आफताब आलम ने कार्रवाई की बात कही।