बाराबंकी। प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक के शिक्षकों को एक सप्ताह के भीतर अपने सभी शैक्षणिक अभिलेख अनिवार्य रूप से बीएसए कार्यालय में जमा करने होंगे। जिला प्रशासन और एसटीएफ मिलकर शिक्षकों के समस्त अभिलेखों की जांच करेंगे। जिले के 2618 परिषदीय स्कूलों में साढे़ आठ सौ से अधिक शिक्षक तैनात हैं।
शिक्षा निदेशक बेसिक के दिशा-निर्देशों के अनुसार, शिक्षकों को न केवल अपने नियुक्ति पत्र, हाईस्कूल, इंटर, स्नातक, बीटीसी/बीएड, टीईटी या सीटीईटी के मूल प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने होंगे, बल्कि एक नोटरी हलफनामा भी देना होगा। इस हलफनामे में यह स्पष्ट करना अनिवार्य होगा कि उनके परिवार या नाते-रिश्तेदारों में कौन-कौन शिक्षा विभाग में बेसिक शिक्षा अधिकारी अथवा उससे उच्च स्तर के पद पर कार्यरत रहा है या सेवानिवृत्त हो चुका है। यदि ऐसा कोई संबंधी विभाग में नहीं है, तो भी इसका शपथ पत्र देना अनिवार्य होगा।
एसटीएफ खंगालेगी रिकॉर्ड
खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से सभी दस्तावेज जुटाकर एक विस्तृत एक्सेल शीट तैयार की जाएगी। इसमें नियुक्ति तिथि, योग्यता और कटऑफ/मेरिट का पूरा ब्योरा दर्ज होगा। इस पूरी डाटा फाइल को जांच के लिए सीधे एसटीएफ की संबंधित रेंज को भेजा जाएगा। एसटीएफ के अधिकारी आवश्यकता पड़ने पर पुलिस विभाग के सहयोग से इन अभिलेखों का गहन सत्यापन करेंगे।
नाते-रिश्तेदारों की देनी होगी पूरी लिस्ट
विभाग ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए रिश्तेदारों का दायरा भी काफी बड़ा तय किया है। शिक्षकों को नोटरी से सत्यापित शपथ पत्र में यह स्पष्ट करना होगा कि उनके पति, पत्नी, पिता, पुत्र, पुत्री, दामाद, बहू, सास, ससुर, साला, बहनोई, ननद तथा प्रथम-डिग्री के चचेरे, ममेरे, फुफेरे या मौसेरे भाई-बहन में से कोई बेसिक शिक्षा अधिकारी अथवा उससे उच्च स्तर के पद पर कार्यरत रहा है या सेवानिवृत्त हो चुका है। यदि किसी शिक्षक का ऐसा कोई संबंधी विभाग में नहीं है, तो उसे इस आशय का शपथ पत्र प्रस्तुत करना होगा कि उसका ऐसा कोई सम्बन्धी विभाग में नहीं है।
क्यों हो रही जांच
यह पूरी कवायद इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश पर हो रही है। हाई कोर्ट में एक मामले की सुनवाई के दौरान एसटीएफ की रिपोर्ट में सामने आया कि राज्य में कई लोगों ने फर्जी दस्तावेजों या दूसरों के सर्टिफिकेट के आधार पर नौकरियां हासिल की हैं। कुछ मामलों में तो एक ही शैक्षणिक प्रमाण पत्र के सेट पर 10 या उससे अधिक लोग नौकरी करते पाए गए हैं।
इस खुलासे के बाद सभी जिलों में कक्षा 1 से 8 तक के सभी कार्यरत शिक्षकों के नियुक्ति पत्रों और शैक्षणिक प्रमाण पत्रों (हाईस्कूल, इंटर, स्नातक, बीएड, बीटीसी/डीएलएड, टीईटी, सीटीईटी आदि) की नए सिरे से गहन पड़ताल की जाएगी।
...................................................................
माननीय उच्च न्यायालय और शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कराया जा रहा है। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि वह समयसीमा के भीतर सभी शिक्षकों के शैक्षणिक दस्तावेज और शपथ पत्र संकलित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
- नवीन कुमार पाठक, बीएसए