करंद गांव के पास खेत में हेलीकाॅप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद लगी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र का करंद गांव में शाम को करीब 6 बजे आसमान के ऊपर से तेज आवाज सुनते ही गांव के रामशंकर गौतम अपने पुत्र चौधरी अजीत और पत्नी पार्वती से बोले कि इसमें कोई खराबी आ गई है।
देखते ही देखते लड़खड़ाता हुआ हेलीकॉप्टर उनके जुते हुए खेत में जा गिरा। रामशंकर बताते हैं कि गिरते हुए उनके बेटे ने मोबाइल में वीडियो बनाया जैसे ही उसमें से डरे सहमे हुए नेता जी उतरे तो मैं पहचान गया कि यह तो मंत्री आजम खान हैं।
उन्होंने उतरते ही कहा कि खुदा का शुक्र है कि सबकी जान बच गई। उन्हें देखते ही मैंने तुरंत इसकी सूचना 100 और स्थानीय पुलिस को देकर बताया कि एक हेलीकॉप्टर यहां गिर गया है, जिसमें आजम खान सवार थे। पहले तो लोग डरे, पर देखते ही देखते वहां पर काफी मजमा लग गया। आधा घंटा बाद पहुंची पुलिस और पड़ोस गांव से आए विधायक रामगोपाल उन्हें लेकर चले गए।
किसान रामशंकर बताते हैं कि हेलीकॉप्टर गिरने से आलू की फसल का नुकसान नहीं हुआ पर शाम के अंधियारे में जुटी भीड़ ने उनका 4-5 क्विंटल आलू उठा ले गए। देर शाम पहुंचे आला अधिकारी भीड़ को किसी तरह काबू किया। वहां मौजूद महादेव बताते हैैं कि पहली बार हेलीकॉप्टर इतने करीब से देखा है। पहले बदरे मा उड़ति देखि लेयत रहै।
ग्रामीणों के लिए कौतूहल बना हेलीकॉप्टर
भले ही अचानक आई खराबी में आजम खान बाल बाल-बच गए हों पर ग्रामीणों के लिए तो जैसे निरहे गांव का ऊंट आवा कहावत करंद गांव में साफ दिखी। बच्चों से लेकर बूढ़े जवान तो दूर घर में खाना बना रही महिलाएं भी चौका बर्तन छोड़कर यहां पहुंच गई। कोई घूंघट की ओट से तो कोई गोद में लड़के को लिए उड़नखटोला देखने के लिए दो से तीन किलोमीटर तक दौड़ आई। नाम पूछे पर बताया तो नहीं पर कहा गांव के बाहर हेलीकॉप्टर गिरा तो देखब जरूर।