बाराबंकी। बीते दो दिनों से जिले में हो रही छिटपुट बरसात के कारण भीषण उमस ने सभी को परेशान कर रखा है। मंगलवार को उमस भरी गर्मी के कारण सुबह से लेकर शाम तक लोगों का पसीना बहता रहा। पंखे व कूलर भी गर्म हवा देते रहे। अगेती खेती करने वाले किसान भी बेरन तैयार करने के लिए बरसात के इंतजार में आसमान की तरफ देख रहे हैं।
सोमवार की शाम गर्मी के बीच शहर व कुछ हिस्सों में बरसात से मौसम ठंडा हो गया था। इसके बाद मंगलवार रात से फिर से उमस भरी गर्मी ने बेहाल करना शुरू किया। सूरज की तेज धूप के साथ परेशानी बढ़ती गई। हालांकि अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री रहा लेकिन हवा में 76 से 80 प्रतिशत आर्द्रता के कारण उमस ने सभी को परेशान किया। मौसम विभाग ने बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने व हल्की से मध्यम बरसात की संभावना जताई है। (संवाद)