थाना कोठी क्षेत्र के सैदनपुर गांव निवासी किसान मुन्नालाल के पुत्र संदीप ने बताया कि 19 सितंबर को उनकेे पिता किसी काम से हैदरगढ़ तहसील गए थे। तहसील से जब पिता कई दिन तक वापस नहीं लौटे तो उनकी तलाश शुरू की गई।
इसके बाद 27 सितंबर को जब संदीप ने हैदरगढ़ तहसील स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में पहुंचकर पता किया तो जानकारी हुई के उनके पिता ने अपनी पांच बीघा जमीन 25 लाख रुपये में बेच दी है। इस जमीन को खरीदने वालों में गांव के ही हरीश कुमार, रामप्रकाश व पूनम देवी शामिल है।
पुत्र संदीप ने सीओ हैदरगढ़ तौकीर अहमद खान व एसओ कोठी को प्रार्थना पत्र देकर अपने पिता के अपहरण किए जाने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि गांव के ही रहने वाले बीरेंद्र कुमार, अवध कुमार आदि ने उसके पिता को कहीं गायब कर रखा है।
इस मामले में पुलिस ने अभी तक किसी के खिलाफ कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। एसओ वकील सिंह यादव का कहना है कि मामले की शिकायत मिली है इसकी जांच हो रही है। एसओ ने कहा कि जांच के बाद जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई होगी।