फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बालक की हत्याकर पेड़ से लटका दिया शव

विज्ञापन
विज्ञापन
हैदरगढ़ (बाराबंकी)। बारह वर्षीय बालक की हत्या करने के बाद शव गांव के बाहर बरगद के पेड़ से लटका दिया गया। बालक होली के अवसर पर अपने नाना के घर आया था। जीभ कटी होने व निजी अंगों में चोट होने से उसकी बलि देने की भी आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल के पास पूजा सामग्री भी पड़ी मिली है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एएसपी व सीओ के साथ डॉग स्क्वायड ने भी मौके पर जाकर जांच की।
विज्ञापन

थाना क्षेत्र कोठी के मिर्जापुर गढ़ी निवासी दिव्यांशु पुत्र अरविंद वर्मा लोनीकटरा थाना क्षेत्र के शिवनाम गांव स्थित अपनी ननिहाल रामजस वर्मा के घर होली मनाने के लिए आया था। मंगलवार की शाम वह साइकिल लेकर गांव में घूमने के लिए निकला था। देर शाम तक वापस न लौटने पर परिवारीजन उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने बरगद के पेड़ से दिव्यांशु का शव लटका देखकर परिवारीजनों को घटना की जानकारी दी।
ग्रामीणों के मुताबिक अज्ञात लोगों ने हत्या करके शव को पेड़ से लटका दिया है। मृतक की जीभ कटी होने तथा निजी अंगों से खून आने का दावा किया गया है। घटनास्थल से पचास मीटर दूर पूजा की सामग्री पड़ी मिली है। ग्रामीण बलि देने की नियत से हत्या करने की चर्चा कर रहे हैं। दिव्यांशु की मां सरिता ने कहा कि पहली संतान होने के नाते वह ननिहाल में सभी का दुलारा था। किसी से कोई रंजिश नहीं है। घटना से पूरे परिवार सहित गांव के लोग दुखी हैं।
विज्ञापन

सूचना पाते ही मौके पर पहुंचे एसओ दुर्गाप्रसाद शुक्ला ने जांच की। बताया कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर पूजा सामग्री मिली है। इसके साथ ही उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी जिसके बाद एएसपी मनोज पांडेय, सीओ नवीन कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हर बिंदु पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के जरिये मौत का कारण पता चलने पर कार्रवाई की जाएगी।
डॉग इस्क्वॉयड घटनास्थल से शिवनाम गांव के पास से निकली माइनर होते हुए पूजा सामग्री वाली जगह तक गया। फिर शिवनाम गांव के रहने वाले एक व्यक्ति की झोपड़ी तक गया। अब पुलिस इसी आधार पर कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का प्रयास है कि जल्द से जल्द पूरे मामले की हकीकत व आरोपी सामने आ सकें।
एएसपी दक्षिणी मनोज पांडेय ने बताया कि लोनीकटरा थाना क्षेत्र के शिवनाम गांव के बाहर एक बालक का शव मिला है। इस घटना में मृतक के परिवारीजन जो तहरीर देंगे, उसी के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई होगी। पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें