प्रतिबंधित पॉलिथीन पर रोक की कवायद सोमवार को औपचारिकता मात्र रही। दुकानदार ग्राहकों को पॉलिथीन में सामान देते नजर आए। नगर पालिका की टीम को नोकझोंक का भी सामना करना पड़ा। नगरपालिका की टीम को दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए प्रतिबंधित पॉलिथीन की फैक्ट्री बंद कराने की सलाह दे डाली। कुछ दुकानदार दोना, पत्तल व प्लास्टिक के दुकान अपना सामान बाहर तक सजाए रहे।
बड़ी दुकानों से भी लोग पॉलिथीन में कपड़े आदि सामान निकलते दिखे। दरियाबाद में एसडीएम ने छापा मारा। प्रतिबंधित पॉलिथीन मिलने पर पॉलिथीन जब्त करते हुए पांच-पांच सौ रुपये जुर्माना किया। नगर पालिका परिषद की ईओ संगीता कुमारी का कहना है कि एक प्रभावी रणनीति तय की जाएगी। एडीएम के साथ बैठक होनी है। बैठक में जो दिशा निर्देश प्राप्त होंगे उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।