बाराबंकी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को घुंघटेर में अवैध रूप से संचालित अस्पताल को छानबीन के बाद सील कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल का संचालन झोलाछाप द्वारा किया जा रहा था। अस्पताल का पंजीकरण नहीं था। संचालक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
सीएमओ के निर्देेश पर एसीएमओ डॉ. आरएन वर्मा की टीम ने घुंघटेर स्थित ग्रीन सिटी हॉस्पिटल पहुंचकर छानबीन की। इस दौरान पता चला कि अस्पताल में तीन बेड हैं। संचालक सहजराम अस्पताल के पंजीकरण के संबंध में कोई अभिलेख नहीं दिखा सका। कोई चिकित्सक और स्टॉफ नहीं मिला। अस्पताल का संचालन अवैध रूप से किए जाने पर टीम ने उसे सील करा दिया। संचालक को नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया है। सीएमओ डॉ. बीकेएस चौहान ने बताया कि घुंघटेर में एक अस्पताल बिना पंजीकरण के चलता मिला है। अस्पताल को सील कराते हुए संचालक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।