बाराबंकी। प्रतिबंधित पॉलीथिन की बिक्री व इस्तेमाल रोकने के लिए मंगलवार को शहर में चलाए गए अभियान के दौरान नगर पालिका व प्रशासन की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। इसके बाद भी टीम ने कार्रवाई करते हुए आधा किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की और तीन दुकानदारों से चार हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी वीके श्रीवास्तव और नायब तहसीलदार सुशील सिंह की अगुवाई में टीम ने मंगलवार को नाका चौराहे की दुकानों से जांच शुरू की। धनोखर चौराहे की ओर बढ़ने पर दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने दुकान से पॉलीथिन हटा दी और टीम के सदस्यों का विरोध किया। इससे कहासुनी की नौबत आ गई। इसके बाद भी टीम ने कई दुकानों पर जांच की। नाका से धनोखर चौराहा व तांगा स्टैंड तक 32 दुकानों की जांच की गई। टीम ने तीन दुकानों से आधा किलोग्राम पॉलीथिन जब्त की। चार हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।