बाराबंकी। शहर में एक निजी कंपनी के भवन में बम रखा होने की सूचना से गुरुवार शाम को हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने सेना की बम डिस्पोजल टीम को मौके पर बुला लिया। जांच में पता चला कि कंपनी में एक जगह मोबाइल रखा है जिससे टिक-टिक की आवाज आने पर उसे टाइम बन समझ लिया गया।
पुलिस के मुताबिक शहर के मोहल्ला शिवाजीपुरम इलाके में स्थित ई-कॉमर्स कंपनी के डिलीवरी सेंटर पर एक पैकेट में मोबाइल सेट रखा था। इससे टाइम आउट 1, 2, 3 जैसी आवाज आने लगी। बृहस्पतिवार शाम को इसकी जानकारी पर कंपनी के मैनेजर संतोष चौरसिया ने पुलिस को सूचना दी। सेंटर पहुंचे कोतवाल पंकज सिंह ने जांच शुरू की। पार्सल डॉकेट को पास के खाली स्थान पर मौरंग का ढेर बनवाकर एहतियातन उसमें रखवाया। इसके बाद मौके पर सेना के बम डिस्पोजल स्क्वायड को बुलाया गया। डिस्पोजल टीम पैकेट को जांच की। कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि पैकेट मेें बंद मोबाइल से आवाज आ रही थी। स्क्वायड के सदस्यों ने मोबाइल कब्जे में लिया।