बाराबंकी। एक व्यापारी के घर से दिनदहाड़े सोफा सेट उठा ले जाने के आरोप पर एसपी ने एक दीवान व एक सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया। इसके साथ मामले की जांच सीओ सिटी सुशील कुमार सिंह को सौंपी है। वाहन पर लादकर सोफा ले जाने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। व्यापारी की शिकायत एसपी ने कार्रवाई की।
इस संबंध में देवा क्षेत्र के ग्राम ढिंढोरा मजरे सलारपुर निवासी व्यापारी मो. फैयाज ने बुधवार को एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी से शिकायत की थी। आरोप लगाया कि देवा में तैनात मुख्य आरक्षी (दीवान) नियाज अहमद व सिपाही बदुदुलहई खान 17 मार्च को फैयाज के घर से कीमती सोफा सेट जबरन वर्दी वाहन में लदवा ले गए। बताया कि सोफा वाहन में लादने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। उसकी फुटेज भी फैयाज ने दिखाई। एसपी ने पूरे मामले की जांच सीओ नगर सुशील कुमार सिंह को दी। सीओ ने देवा पहुंचकर पीड़ित व आरोपी पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए सीसीटीवी फुटेज खंगाला। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने दोनों आरोपी पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। पूरे प्रकरण की जांच सीओ सिटी कर रहे हैं। देवा प्रभारी प्रमोद सिंह का कहना है कि एक व्यक्ति के के घर से जबरन सोफा सेट उठा ले जाने के मामले में एसपी ने दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। सीओ सिटी जांच कर रहे हैं।