बाराबंकी। यातायात के नए नियमों के तहत अब बाइक पर पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए हेलमेट पहनना और कार में ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठे व्यक्ति के लिए सीट बेल्ट बांधना जरूरी हो गया है। इस नियम का पालन कराने के लिए शुक्रवार से परिवहन विभाग और पुलिस की टीम चेकिंग अभियान चलाने जा रही है। इसके साथ ही एक शुक्रवार से ही यातायात माह भी शुरू हो रहा है।
एआरटीओ प्रशासन पंकज सिंह ने बताया कि यातायात नए नियमों के तहत एक नवंबर से दो पहिया वाहन चलाने वाले के साथ पीछे बैठने वालों के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके साथ ही चार पहिया वाहन पर ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठे व्यक्ति का सीट बेल्ट बांधना जरूरी है। इन नियमों का पालन न करने पर भारी जुर्माना हो सकता है। एआरटीओ ने बताया कि नए नियम को लागू करने के लिए परिवहन विभाग की टीम पुलिस के सहयोग से जिले में व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाएगा। इसके साथ लोगों को नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। एक नवंबर से यातायात माह भी शुरू हो रहा है। इस माह पुलिस चेंकिग करने के साथ आम लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक करेगी। यातायात माह का शुभारंभ एसपी आकाश तोमर करेंगी।