बाराबंकी। फतेहपुर कस्बे के एक डायग्नोस्टिक सेंटर पर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ एसडीएम ने छापा मारा। डॉक्टर और टेक्नीशियन उपलब्ध न होने व अन्य अनियमितताएं मिलने पर एसडीएम ने डायग्नोस्टिक सेंटर को सील करा दिया। इसके साथ संचालक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
यह कार्रवाई कस्बा के राजा बाजार में सोनू डायग्नोस्टिक सेंटर में की गई। एसडीएम को शिकायत मिली थी कि डॉक्टर के बिना ही सेंटर का संचालन किया जा रहा है। इस पर एसडीएम पंकज सिंह ने शनिवार को सीएचसी फतेहपुर के डॉ. निसार, फार्मासिस्ट जेएन पाडेय व पुलिस कर्मियों के साथ सेंटर पर छापा मारा। जांच में पता चला कि 17 महिलाओं के अल्ट्रासाउंड किए गए थे। अल्ट्रासाउंड जांच करने वाले डॉक्टर के बारे में सेटर के कर्मचारी जानकारी नहीं दे सके। एसडीएम ने सेंटर में चल रही पैथालॉजी व एक्स-रे कक्ष का भी जायजा लिया। एक्स-रे और लैब टेक्नीशियन भी मौजूद नहीं था।
एसडीएम पंकज सिंह ने बताया कि बिना डाक्टर के अल्ट्रासाउंड किए जाने की शिकायत पर सीएचसी के चिकित्सक व पुलिस टीम के साथ छापेमारी की गई। शनिवार को 17 अल्ट्रासाउंड किए गए लेकिन कोई डॉक्टर उपलब्ध नहीं था। पैथालॉजी जांच व एक्स-रे भी मानक के विपरीत पाए गए हैं। चिकित्सकों की टीम ने सेंटर को सील कर दिया है। इसके साथ ही संचालक को नोटिस भेजकर जवाब तलब किया गया है।