बाराबंकी। अपर मुख्य सचिव उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण बीएल मीणा ने शनिवार को विभिन्न योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। पलहरी गांव पहुंचे अपर मुख्य सचिव ने प्रगतिशील किसान आनंद मौर्य द्वारा की जा रही जैविक खेती की जानकारी लेने के साथ उनके द्वारा की जा रही केले, पत्ता गोभी और मेंथा के साथ भिंडी की सहफसली खेती देख, उनका हौसला भी बढ़ाया।
इससे पूर्व सफरदगंज स्थित एक फ्लोर मिल पहुंच वहां पर गेहूं से आटे के उत्पादन की प्रक्रिया, प्रयोगशाला में की जा रही गुणवत्ता की जांच, उत्पादन क्षमता तथा कार्यरत श्रमिकों की संख्या एवं उनके रोजगार की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने आटा उत्पादन की गुणवत्ता की जांच की तथा यह सुनिश्चित किया कि उत्पादन कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जा रहा है। इस दौरान उन्हाेंने पूरे मिल परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
इसके अलावा अपर मुख्य सचिव ने कादीपुर में निर्माणाधीन रोहन फूड्स प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण किया। बताया गया कि यह यूनिट जल्द ही कार्य करना शुरू कर देगी, क्योंकि कार्य काफी तेज गति से चल रहा है।