फतेहपुर (बाराबंकी)। आचार्य विमर्श सागर जी के संघ का रविवार को कस्बे में आगमन हुआ। भक्तों ने संघ के स्वागत में भव्य शोभायात्रा निकाली।
आचार्य श्री का संघ पैदल चलकर शनिवार की देर शाम कस्बे के बाबासाहेब पहुंचा।
यहां भक्तों ने संघ का भव्य स्वागत किया। इस मौके पर शोभायात्रा भी निकाली गई। शोभायात्रा बाबा साहेब चौराहे से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार होते हुए जैन मंदिर पहुंची। भक्तों ने जगह-जगह आचार्य श्री का पांव पखारकर आरती उतारी। यात्रा के दौरान गुरुदेव के भजनों व जयकारों से कस्बा गुंजायमान हो गया।
मंदिर प्रांगण में प्रवचन करते हुए भावलिंगी संत श्रमणाचार्य विमर्श सागर ने कहा कि जिस नगर में संतों का आगमन होता है, वहां के लोगों में धर्म के प्रति लगाव बढ़ जाता है। मनुष्य संतों के बताए मार्ग पर चलकर अपने जीवन को सार्थक कर सकता है। इसके बाद गुरु वंदना व मंगल आरती के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जैन समाज के महामंत्री प्रांशु जैन ने बताया कि रविवार से सीतापुर जिले के पैतेपुर में आठ दिवसीय विश्वशांति महायज्ञ श्रीसिद्ध चक्र महामंडल विधान का आयोजन आचार्य श्री के सान्निध्य में होने जा रहा है। इस दौरान कैलाश जैन, केके जैन, जैन समाज संरक्षक सचिन जैन, अध्यक्ष अरविंद जैन, महामंत्री पंकज जैन, मनोज जैन, उदय जैन, सुनील जैन, संजय जैन, मुन्नालाल जैन, उमाशंकर जैन सहित फतेहपुर, लखनऊ, बाराबंकी, महमूदाबाद व पैंतेपुर के जैन समाज के लोग मौजूद रहे।