बाराबंकी। युवक की हत्या में नामजद एक आरोपी का शव सोमवार को नदी में मिला। आरोपी की भी हत्या कर शव नदी में फेंके जाने का आरोप है। पुलिस को युवक की हत्या के मुख्य आरोपी की तलाश है। पुलिस का कहना है कि उसके बाद ही युवक की हत्या और एक आरोपी की मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
शहर कोतवाल धर्मेद्र सिंह रघुवंशी के मुताबिक बरगदिहा गांव निवासी सर्वेश का शव सोमवार शाम हड़ियाकोल के पास रेठ नदी में मिला है। रविवार को कुछ ही दूर पर विनोद उर्फ पप्पू यादव का शव मिला। विनोद की कपड़े से गला कसकर हत्या की गई थी। फरिस्तीपुर गांव निवासी विनोद की हत्या में उसके पिता बिंद्रा प्रसाद ने तीन युवकों को नामजद कराया था। उनमें एक आरोपी सर्वेश भी था। बताया गया कि सर्वेश व करन के साथ विनोद 12 जुलाई को बाइक से निकला था। इसके अगले दिन से करन गांव में मौजूद मिला जबकि सर्वेश व निवोद लापता थे। इसके बाद रविवार को विनोद और सोमवार को सर्वेश का शव नहीं मिला।
तीसरे आरोपी पर हत्या का संदेह
शहर कोतवाल ने बताया कि सर्वेश मूलरूप से जहांगीराबाद क्षेत्र के कटरा गांव का निवासी था। वह अपनी ससुराल बरगदिहा गांव में पांच साल से रहता था। शनिवार देर रात सर्वेश के भाई अखिलेश ने उसकी हत्याकर शव नदी में फेंकने की आशंका जताते हुए सूचना दी थी। इसके बाद से पुलिस को छानबीन कर रही थी। कोतवाल के मुताबिक सर्वेश और विनोद की हत्ना करने का करन पर संदेह है। पूछताछ के लिए उसकी तलाश की जा रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में विनोद उर्फ पप्पू की हत्या में नामजद सर्वेश का शव रेठ नदी में मिला है। पूरे मामले की जांच के साथ एक आरोपी की तलाश की जा रही है। उसके मिलने पर घटना का खुलासा हो जाएगा।
-आरएस गौतम, एएसपी